रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: राजधानी देहरादून में अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ हरियाली बढ़ाने की दिशा में नगर निगम ने नई रणनीति बनाई है। निगम अब खाली कराई गई सरकारी जमीनों को पार्कों में बदलकर लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना चाहता है।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर के कई हिस्सों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। जहां भी पर्याप्त खाली जमीन उपलब्ध होगी, वहां आधुनिक सुविधाओं वाले पार्क विकसित किए जाएंगे। इससे सरकारी भूमि का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।
निगम की योजना के तहत पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए झूले और अन्य खेल उपकरण लगाए जाएंगे। इसके अलावा फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए ओपन जिम और सुबह-शाम टहलने वालों के लिए वॉकिंग ट्रैक भी बनाए जाएंगे।
शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए पौधारोपण अभियान भी लगातार चलाया जाएगा। नागरिकों को पौधे वितरित कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
नगर निगम को उम्मीद है कि यह अभियान आने वाले समय में देहरादून की पहचान को एक ग्रीन और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में मजबूत करेगा।
