रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सेलाकुई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्कूटी के जरिए मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से बड़ी मात्रा में कैटामाइन बरामद हुई।
मौके पर पहुंचे औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की जांच कर उसे कैटामाइन के रूप में पुष्टि की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार, निवासी सेलाकुई और अंकित तिवारी, मूल निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी सेलाकुई के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पुलिस अब ड्रग्स की सप्लाई चेन, उसके स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
