रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून: जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करने के उद्देश्य से आयोजित समाधान दिवस के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार समाधान दिवस के दौरान 164 से 170 शिकायतों को दर्ज कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का समय पर समाधान करने में मदद मिल रही है और लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस बार भूमि विवाद और सीमांकन से जुड़ी शिकायतों में कमी दर्ज की गई है। इसके विपरीत अन्य नागरिक सुविधाओं और सरकारी सेवाओं से संबंधित शिकायतें अधिक संख्या में सामने आई हैं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि आने वाले समय में GIS मैपिंग लागू होने से जमीन से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड अधिक स्पष्ट होगा। इससे सीमांकन, स्वामित्व और भूमि विवादों के निस्तारण में पारदर्शिता आएगी और विवाद कम होंगे।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य केवल शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर और भरोसेमंद प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना भी है।
