रिपोर्टर: मनोज हालदार
नानकमत्ता: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। सभी प्रमुख दल अपने-अपने स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पहुंच बढ़ाने में जुटे हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा ने नानकमत्ता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी तैयारियों का संकेत दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान श्रीपाल राणा ने कहा कि वह लंबे समय से नानकमत्ता क्षेत्र में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोगों का उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है और जनता बदलाव चाहती है।
उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। विशेष रूप से ग्रामीण सड़कों की स्थिति खराब बनी हुई है, जिससे बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
श्रीपाल राणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने विकास और जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भाजपा दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जनता उन्हें विधानसभा भेजती है तो उनकी प्राथमिकता सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार जैसे मुद्दों पर तेजी से काम करना होगा। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का भरोसा भी दिलाया।
