रिपोर्ट: सुभाष चंद
खटीमा के ग्राम सैजना-पटपुरा में खेतों की पानी निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद सामने आया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि निकासी का रास्ता बंद होने से खेत में पानी भर गया और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में बताया कि खेत से पानी निकलने की व्यवस्था लंबे समय से बनी हुई थी। लेकिन हाल ही में निकासी पाइप बंद कर दिए जाने के कारण खेत में भारी जलभराव हो गया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कई दिनों से खेत में पानी जमा है, जिससे धान की फसल प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पानी निकलवाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वहीं प्रतिवादी पक्ष ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनकी जमीन पर जबरन नाला बनाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि इस मामले में लगाए गए सभी आरोप तथ्यों से परे हैं।
प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले को संबंधित विभाग के पास भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
