रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: लगातार हो रही बारिश और घने कोहरे ने नैनीताल की दिनचर्या जरूर प्रभावित की है, लेकिन पर्यटन गतिविधियों पर इसका खास असर नहीं दिखाई दे रहा। मौसम में हल्की राहत मिलते ही पर्यटक होटलों से निकलकर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर पहुंच रहे हैं।
देर रात हुई तेज बारिश के बाद जिले की छह सड़कें बंद हो गईं। सड़क बंद होने से ग्रामीण इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई, जबकि शहर में प्रशासन स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए सक्रिय नजर आया।
सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम रही। वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखाई दिए।
नैनी झील में नौकाविहार करने पहुंचे पर्यटकों ने बारिश के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। ठंडी हवाएं और बादलों से घिरी पहाड़ियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
