रिपोर्ट: अरशद हुसैन
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) के कथित पेपर लीक मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। रुड़की में सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में जॉइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। संगठन का कहना है कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सुराज सेवा दल के नेता एवं ग्राम प्रधान नौशाद अली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। उनका मानना है कि निष्पक्ष जांच ही छात्रों का भरोसा वापस ला सकती है।
सुराज सेवा दल ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन ने कहा कि युवाओं के अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर जारी रहेगी।
