रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: नगर पालिका नैनीताल की निर्माण समिति की बैठक में शहर के विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता निर्माण समिति अध्यक्ष शीतल कटियार ने की।
बैठक के दौरान सभी 15 वार्डों में स्वीकृत विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश वार्डों में कार्य जारी हैं, जबकि कुछ स्थानों पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू किया जाएगा।
शीतल कटियार ने कहा कि जिन वार्डों में निर्माण कार्य लंबित हैं, वहां किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। सड़क, नाली और अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में मौजूद समिति सदस्यों और कर्मचारियों ने विकास कार्यों को लेकर अपने सुझाव भी रखे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी योजनाओं को तय समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
