रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अजबपुर कलां क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि बीएलओ किस प्रकार मतदाताओं तक नोटिस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए सूची में शामिल प्रत्येक नाम और विवरण का सही होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी बीएलओ को फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट के आधार पर काम करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, जिले में 11.90 लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, रिकॉर्ड में त्रुटियां मिलने पर 5.47 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने दस्तावेज और विवरण अपडेट करा सकें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई नोटिस प्राप्त होता है तो वे समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपना विवरण सही करवाएं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
