रुड़की: शास्त्री नगर इलाके में रविवार शाम कथित तौर पर हथियार के बल पर धमकी देने की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो युवकों पर तमंचा लहराकर इलाके में दहशत फैलाने का आरोप है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि मामला दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसी विवाद के बाद आरोपी युवक बाइक से पीड़ित के घर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों की हरकत से आसपास मौजूद लोग घबरा गए। कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों के अंदर चले गए।
घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज जुटाई है और आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और फायरिंग की पुष्टि भी नहीं हुई है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
