रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की के मंडावली गांव में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण की शिकायत के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। ग्राम प्रधान संदेश ने एक दवा कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान का आरोप है कि कंपनी ने फैक्ट्री विस्तार के दौरान बंजर भूमि के अलावा नाली की जमीन पर भी निर्माण कराया है। इससे गांव के संसाधनों और सार्वजनिक सुविधाओं पर असर पड़ सकता है।
मामला सामने आने के बाद राजस्व विभाग के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और भूमि की पैमाइश की। हालांकि अभी तक आधिकारिक रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।
जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी। यदि जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
