संवाददाता: सचिन कुमार
अग्निवीर भर्ती योजना के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग का आंदोलन लगातार जारी है। कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में चल रहे इस राज्यव्यापी अभियान का चौथा चरण पूरा हो चुका है। आंदोलन का पांचवां और अंतिम चरण जून महीने में रुद्रप्रयाग और चमोली में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने बताया कि आंदोलन के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना का विरोध किया। पहले चरण में पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार जैसे क्षेत्रों में कार्यक्रम हुए, जबकि दूसरे चरण में रामनगर, अल्मोड़ा और हल्द्वानी में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए।
तीसरे चरण के दौरान देहरादून, विकासनगर, चकराता और उत्तरकाशी सहित कई स्थानों पर आंदोलन हुआ। इसके बाद चौथे चरण में कुमाऊं मंडल के खटीमा, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में विरोध प्रदर्शन किए गए।
कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ का आरोप है कि अग्निवीर योजना सेना की पारंपरिक भर्ती प्रणाली को कमजोर कर रही है और युवाओं के भविष्य को अस्थिर बना रही है। इसी को लेकर पूर्व सैनिकों और युवाओं में नाराजगी देखी जा रही है।
