राजनीतिक गलियारों से बड़ी खबर सामने आ रही है। आज नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के कई प्रमुख नेता कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में करीब छह बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
इन नेताओं के नाम चर्चा में
सूत्रों के अनुसार जिन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है, उनमें—
- राजकुमार ठुकराल (पूर्व विधायक, रुद्रपुर)
- भीम लाल आर्य (पूर्व विधायक, घनसाली)
- नारायण पाल (पूर्व विधायक, सितारगंज)
- गौरव गोयल (पूर्व महापौर, रुड़की)
- लाखन सिंह नेगी (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, भीमताल)
- अनुज गुप्ता (मसूरी)
इन सभी नामों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
उत्तराखंड की राजनीति पर पड़ सकता है असर
खासतौर पर राजकुमार ठुकराल को एक कद्दावर नेता माना जाता है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में टिकट न मिलने के बाद से वे भाजपा से नाराज़ चल रहे थे। यदि उनकी कांग्रेस में एंट्री होती है, तो रुद्रपुर क्षेत्र की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है।
वहीं भीम लाल आर्य की घनसाली क्षेत्र में मजबूत पकड़ कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है और उन्हें पार्टी का ‘तुरुप का इक्का’ माना जा रहा है।
सियासी समीकरण बदलने के संकेत
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से उत्तराखंड में पार्टी की स्थिति मजबूत हो सकती है। आने वाले समय में यह बदलाव चुनावी समीकरणों पर सीधा असर डाल सकता है।
हालांकि, इन सभी नेताओं के आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होने की पुष्टि कार्यक्रम के दौरान ही हो पाएगी।
