जसपुर, ऊधम सिंह नगर | रिपोर्ट: प्रदीप श्रीवास्तव
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र के डाम इलाके में इस वर्ष भी बैसाखी समागम पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस बार यह आयोजन 28वें बैसाखी जोड़ मेले के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।
12 अप्रैल को निकलेगा नगर कीर्तन
समागम की शुरुआत 12 अप्रैल 2026 को भव्य नगर कीर्तन साहिब के साथ होगी। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
14 अप्रैल को होगा विशाल दंगल
समागम के तहत 14 अप्रैल को एक विशाल दंगल (कुश्ती प्रतियोगिता) का आयोजन किया जाएगा। इस दंगल में उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के पहलवान हिस्सा लेंगे।
दंगल की फाइनल कुश्ती में विजेता पहलवान को ₹8500 नगद पुरस्कार, जबकि उपविजेता को ₹4000 नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में बनी आयोजन की रूपरेखा
दंगल कमेटी के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि बैसाखी पर्व को लेकर तैयारियों के लिए आत्मा योजना के अध्यक्ष मुख्तियार सिंह घुम्मन के आवास पर बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे मंत्री विनय कुमार रुहेला
आयोजन में आपदा मंत्री विनय कुमार रुहेला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। बताया गया कि डाम क्षेत्र में नगर कीर्तन की शुरुआत भी उनके द्वारा ही कराई गई थी और तब से हर वर्ष इस पर्व को समागम के रूप में मनाया जा रहा है।
लोगों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस बैसाखी समागम में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
