लोकेशन: ऋषिकेश
संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हरियाणा के एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इमरान (निवासी ग्राम सुडाका, जिला नूंह/मेवात, हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल की रात एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जंगलात बैरियर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रानीपोखरी की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देखकर चालक ने कार मोड़कर तेज गति से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और सरकारी वाहन से पीछा शुरू किया।
कार पिलर से टकराई, फिर जंगल की ओर भागा आरोपी
काली मंदिर के पास मोड़ पर आरोपी की कार अनियंत्रित होकर पिलर से टकरा गई। इसके बाद आरोपी कार छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। पीछा कर रही पुलिस टीम पर उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की।
हालांकि, पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
हथियार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से:
315 बोर का तमंचा
एक जिंदा कारतूस
एक खोखा
फर्जी नंबर प्लेट लगी कार
बरामद की। साथ ही वाहन से हरियाणा की असली नंबर प्लेट भी बरामद हुई।
पहले भी कर चुका है चोरी
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह एक महीने पहले अपने साथी के साथ मिलकर ऋषिकेश क्षेत्र से एक डंपर चोरी कर चुका है, जिसे वह मेवात ले गया था। वह दोबारा वाहन चोरी की रेकी करने ऋषिकेश आया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़ा गया।
पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टली
पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई करने से क्षेत्र में एक बड़ी वाहन चोरी की वारदात को टाल दिया गया।
