रिपोर्ट: भगवान सिंह, कीर्ति नगर ब्लॉक
टिहरी जिले के कीर्ति नगर ब्लॉक के ग्राम सभा पेंडुला अंतर्गत अमरोली गांव में संचालित एक गौशाला को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गौवंश की कथित दुर्दशा और मौतों के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और मामला दुगड़ा चौकी तक पहुंच गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2025 से संचालित इस गौशाला में करीब 50 से अधिक गायें मौजूद हैं। आरोप है कि उचित देखभाल और चारे की कमी के कारण कई गौवंश की मौत हो चुकी है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौशाला के पास पशुओं के चरने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसके चलते गायें आसपास के खेतों में घुसकर फसलों और फलदार व छायादार वृक्षों को नुकसान पहुंचा रही हैं, जिससे ग्रामीणों की खेती प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण इशा लखेड़ा ने आरोप लगाया कि गौशाला ‘गौ सेवा’ के नाम पर खोली गई है, लेकिन वास्तविकता में पशुओं के साथ अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि गायों को पर्याप्त चारा नहीं मिल रहा, जिससे उनकी हालत खराब हो रही है और कई की मौत भी हो चुकी है। साथ ही, मृत पशुओं के सड़ने से वायु प्रदूषण की समस्या भी उत्पन्न हो रही है।
विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने गौवंश को लेकर दुगड़ा चौकी पहुंचकर गौशाला संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
वहीं, गौशाला संचालक कुसुमलता ममगांई ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है और इसी वजह से विवाद हो रहा है। उन्होंने बताया कि गौशाला में पांच गौसेवक कार्यरत हैं और पशुओं की देखभाल की जा रही है।
