ऋषिकेश | संवाददाता: सागर रस्तोगी
तीर्थ नगरी ऋषिकेश के बनखंडी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गैस की किल्लत के बीच एक सप्लाई वाहन के अंदर खुलेआम रिफिलिंग करते हुए कर्मचारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि इंडियन गैस लिखे वाहन में एक कर्मचारी ‘बांसुरी’ (रिफिलिंग पाइप) के जरिए सिलेंडरों में गैस भरता हुआ नजर आया। यह पूरी घटना एक जागरूक नागरिक ने कैमरे में कैद कर ली, जिसके बाद मामला सार्वजनिक हो गया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कर्मचारी बिना किसी डर के वाहन के अंदर ही गैस रिफिलिंग कर रहा है। जब एक व्यक्ति ने उसका वीडियो बनाना शुरू किया तो उसने तुरंत उपकरण छिपाकर रिफिलिंग बंद कर दी। हालांकि, उसे यह पता नहीं था कि पास के एक मकान की छत से भी उसकी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की जा रही है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है।
इस घटना के सामने आने के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस तरह की अवैध रिफिलिंग के चलते उपभोक्ताओं को मिलने वाले घरेलू गैस सिलेंडरों में वजन की कमी हो सकती है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से संबंधित कर्मचारी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जिला और क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की गई है।
प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद जांच की संभावना बढ़ गई है।
