रिपोर्ट: अरशद हुसैन
14 अप्रैल को होने वाली रविदास जयंती को लेकर मंगलौर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में मंगलौर कोतवाली परिसर में प्रशिक्षु सीओ दिव्येश उपाध्याय के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आसपास के गांवों से आए लोगों के साथ चर्चा कर जयंती को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई। इस दौरान मंगलौर कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर भी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने जयंती के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था और जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता होगी।
प्रशिक्षु सीओ दिव्येश उपाध्याय ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति जयंती के दौरान हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में कोतवाली क्षेत्र के सभी गांवों के लोग मौजूद रहे और उन्होंने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
