संवाददाता: सागर रस्तोगी
भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरंग ने ऋषिकेश में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपने ऊपर लगाए जा रहे संपत्ति संबंधी आरोपों का सख्त खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और भ्रामक हैं।
श्यामपुर नटराज बायपास मार्ग स्थित एक होटल में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में लक्ष्मी गुरंग ने कहा कि जिस संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह उनकी नहीं है, बल्कि वह उस संपत्ति में किराएदार के रूप में रह रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास वैध रेंट एग्रीमेंट मौजूद है, जो उनके दावों की पुष्टि करता है।
झूठे आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया
लक्ष्मी गुरंग ने आरोप लगाने वाले व्यक्ति पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दिन पहले हरिद्वार के एक व्यक्ति द्वारा उन पर गंभीर आरोप लगाए गए, जो पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित व्यक्ति सार्वजनिक रूप से माफी मांगे, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संपत्ति मालिक ने भी किया समर्थन
प्रेस वार्ता के दौरान संबंधित संपत्ति के मालिक भी मौजूद रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संपत्ति के सभी मूल दस्तावेज उनके पास सुरक्षित हैं और लक्ष्मी गुरंग पिछले कई वर्षों से उनके यहां किराएदार के रूप में रह रही हैं।
मालिक ने यह भी कहा कि कुछ लोग गलत बयानबाजी कर संपत्ति पर अपना हक जताने की कोशिश कर रहे हैं, जो पूरी तरह से निराधार है।
राजनीतिक साजिश की आशंका
लक्ष्मी गुरंग ने इशारों में इसे राजनीतिक साजिश भी बताया और कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
