देहरादून में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर ‘जय हिंद जय भीम’ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के संचार सचिव वैभव वालिया द्वारा किया गया, जिसमें कन्हैया कुमार (राष्ट्रीय प्रभारी, एनएसयूआई) मुख्य रूप से शामिल हुए।
सम्मेलन में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि देश की चुनावी व्यवस्था और लोकतंत्र पूरी तरह संविधान पर आधारित है, जिसकी सुरक्षा सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
कन्हैया कुमार ने उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में संविधान विरोधी ताकतें सक्रिय हैं और सरकार जनता के हितों के बजाय अपने करीबी लोगों के हित में काम कर रही है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आएं और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का वास्तविक हित तभी संभव है जब लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया जाए और युवा इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस दौरान प्रीतम सिंह (अध्यक्ष, चुनाव अभियान समिति उत्तराखंड) ने भी अपने विचार रखे और अंबेडकर के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए काम करने का संकल्प लिया।
