उत्तराखंड सरकार डेयरी सेक्टर को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य के दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जानकारी दी कि पहली बार प्रदेश में ऐसा डिजिटल सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिससे दूध उत्पादन और वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बन सकेगी।
मंत्री के अनुसार, इस नई व्यवस्था के तहत डेयरी से जुड़ी सभी इकाइयों को आधुनिक टेक्नोलॉजी और जीआरपी मॉडलिंग से जोड़ा जाएगा। इससे दूध के संग्रहण, प्रोसेसिंग और बाजार तक पहुंचने की पूरी सप्लाई चेन की रियल-टाइम ट्रैकिंग संभव हो सकेगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य डेयरी सेक्टर में पारदर्शिता बढ़ाना और गुणवत्ता पर लगातार निगरानी बनाए रखना है। रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाला दूध सुरक्षित और मानकों के अनुरूप हो।
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि इस तकनीकी बदलाव से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और संचालन प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के बिना किसी भी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन संभव नहीं है, इसलिए सरकार डेयरी सेक्टर को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से न केवल किसानों और डेयरी संचालकों को लाभ मिलेगा, बल्कि उपभोक्ताओं का भरोसा भी मजबूत होगा। आने वाले समय में यह मॉडल राज्य के डेयरी सेक्टर के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।
