उत्तराखंड में अक्टूबर के महीने कुछ बारिश जरूर देखने को मिली थी, लेकिन इसके बाद नवंबर और दिसंबर में बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई है. हालांकि उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. उधर कोहरे के चलते मौसम विभाग ने दो जिलों में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड में इस बार दिसंबर का महीना लगभग सूखा ही गुजर गया. अक्टूबर के महीने में राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश जरूर देखने को मिली थी, लेकिन इसके बाद नवंबर और दिसंबर में बारिश के आंकड़े बेहद निराशाजनक रहे.
मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार दिसंबर महीने में सामान्य तौर पर राज्य में औसतन 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जाती है, लेकिन इस बार यह आंकड़ा भी पूरा नहीं हो पाया. वहीं अगर बीते वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दिसंबर में कम बारिश होना कोई नई बात नहीं है.
पिछले 25 वर्षों के मौसम रिकॉर्ड बताते हैं कि इनमें से केवल 10 साल ही ऐसे रहे हैं, जब दिसंबर महीने में अच्छी बारिश दर्ज की गई. कुछ वर्षों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रियता के चलते दिसंबर में बारिश और बर्फबारी हुई, लेकिन अधिकांश वर्षों में यह महीना शुष्क ही रहा है. इसी बीच नए साल के मौके पर उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए मौसम विभाग ने कुछ राहत भरी जानकारी दी है.
विभाग के मुताबिक 31 दिसंबर से लेकर 1 और 2 जनवरी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इसका मतलब यह है कि जो पर्यटक नए साल पर उच्च हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा की योजना बना रहे हैं, उन्हें हल्की बर्फबारी का आनंद लेने का मौका मिल सकता है.
