नशे के खिलाफ महिलाओं की एकजुट आवाज
देश में बढ़ता नशा आज एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुका है। इसका सबसे ज्यादा असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है, जो धीरे-धीरे अपने भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रही है। सरकारें लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अभी भी चिंता जनक बने हुए हैं।
इसी कड़ी में उत्तराखंड के जसपुर से एक अहम मामला सामने आया है, जहां महिलाओं ने नशे के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया।
अमन कमेटी बैठक में उठी नशे के खिलाफ आवाज
जानकारी के अनुसार, जसपुर कोतवाली परिसर में ईद के मद्देनजर अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में गांव नारायणपुर और ध्याननगर की महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचीं और नशे के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।
महिलाओं ने बैठक में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बताया कि नशे की वजह से उनके परिवार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
महिलाओं का कहना है कि वे पहले भी कई बार कोतवाली में शिकायत दर्ज करा चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस मुद्दे को विधायक और उसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक ले जाएंगी।
प्रशासन का आश्वासन
वहीं, इस पूरे मामले पर उप जिलाधिकारी राहुल शाह ने कहा कि महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। पहले मामले की जांच कराई जाएगी, उसके बाद आबकारी विभाग और पुलिस के साथ मिलकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
