खटीमा (ऊधम सिंह नगर), उत्तराखंड | रिपोर्ट: सुभाष चंद
ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा विकासखंड स्थित ब्लॉक सभागार में ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की पिछले चार वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विकास और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है, जिसका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है।
बहुद्देशीय शिविर में उमड़ी भीड़
कार्यक्रम के साथ ही एक विशाल बहुद्देशीय शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया।
कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास और उद्यान विभाग ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभ भी प्रदान किया।
‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ पर विशेष फोकस
शिविर के दौरान ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ के तहत बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान 22 लाभार्थियों के कानों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख गौरव नेगी, रनदीप खरिया, सतीश भट्ट, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, मनोज शाही और महेश सिंह राणा समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासनिक स्तर पर एसडीएम खटीमा, खंड विकास अधिकारी (BDO) और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भागीदारी की।
