राजधानी में बदले मौसम ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। तेज हवा और खराब मौसम के चलते शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
फायर स्टेशन देहरादून को सुबह करीब 10:00 बजे PFT के माध्यम से सूचना मिली, जिसके बाद फायर यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। ओएनजीसी कॉलोनी गेट, कौलागढ़ के बाहर गिरे पेड़ को वुडन कटर की मदद से काटकर हटाया गया और मार्ग को सुचारु किया गया। इस दौरान पेड़ के नीचे दब गई एक कार को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद 10:38 बजे RT सेट और टेलीफोन के माध्यम से एक और सूचना मिली, जिसमें सचिवालय की पार्किंग में पेड़ गिरने की बात सामने आई। फायर टीम ने वहां पहुंचकर पेड़ को काटकर किनारे हटाया और स्थिति को सामान्य किया।
राहत कार्य जारी
फायर विभाग की तत्परता के चलते दोनों स्थानों पर किसी बड़ी अनहोनी से बचाव हो सका। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और पेड़ों या कमजोर ढांचों के पास खड़े होने से बचें।
