रुड़की: कांग्रेस ने रुड़की में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और रोजगार जैसे विषयों पर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों ने छात्रों की मेहनत को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अपेक्षित परिणाम देने में सफल नहीं रही है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और इसका असर आगामी चुनावों में दिखाई देगा।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि छात्रों का आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की समस्याओं को हर मंच पर उठाती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान 17 जुलाई को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील भी की गई।
