रिपोर्ट: सचिन कुमार
राजधानी देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में अगले कुछ दिनों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं 3 से 5 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान राज्य के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर सहित कई जिलों में ओलावृष्टि (हेलस्टॉर्म) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने लोगों को इस अवधि के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों, पहाड़ी मार्गों और संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 6 मई से मौसम की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है, हालांकि तापमान फिलहाल सामान्य से कम बना रहेगा।
