रुड़की: रुड़की में मंगलवार सुबह एक इलेक्ट्रिक स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई। रेलवे स्टेशन के पास हुई इस घटना में स्कूटी चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही मिनटों में स्कूटी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार सुबह करीब आठ बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचते ही स्कूटी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।
चालक ने बिना घबराए तुरंत स्कूटी छोड़ दी। उनकी सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोग भी सुरक्षित दूरी पर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के कारण सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी बनी रही।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि हादसा बैटरी फेल होने से हुआ या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण।
