संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की के बुग्गावाला क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 12 साल के मासूम बच्चे को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंजारेवाला गांव की है। जानकारी के अनुसार, रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में दबाकर पानी में खींच ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुग्गावाला पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। एक मासूम की इस दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
