देहरादून: राहुल गांधी का पीए बनकर ठगी, 25 लाख रुपये ऐंठे — आरोपी गिरफ्तार
देहरादून में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को राहुल गांधी का पीए बताकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। यह खुलासा उत्तरांचल प्रेस क्लब में समाजसेवी भावना पांडे ने किया।
भावना पांडे के अनुसार, आरोपी ने उन्हें फोन कर खुद को राहुल गांधी का निजी सहायक बताया और विधायकों के सर्वे के नाम पर पैसे मांगे। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर कई बड़े नेताओं से भी बातचीत कराई, जिससे उसे विश्वसनीयता मिल गई।
उन्होंने बताया कि होटल बुकिंग और सर्वे से जुड़े खर्चों का हवाला देकर आरोपी ने उनसे लगभग 25 लाख रुपये ले लिए। यह रकम अलग-अलग बैंकों से निकालकर दी गई थी। भावना पांडे का कहना है कि उन्होंने यह कदम प्रदेशहित में उठाया और इसे ठगी नहीं, बल्कि प्रदेश को बचाने की कोशिश बताया।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है और सुरक्षा तथा सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
