खटीमा: तराई विकास संघ (टीवीएस) के लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल बोरा का खटीमा में जोरदार स्वागत किया गया। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। मुख्य चौक से शहीद स्मारक तक विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
मुख्य चौक पर कार्यकर्ताओं ने गोपाल बोरा को फूल-मालाओं से लाद दिया और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर शहीद स्मारक पहुंचकर गोपाल बोरा ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि यह जीत उन सभी लोगों को समर्पित है जिन्होंने राज्य निर्माण के लिए संघर्ष किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि गोपाल बोरा का लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के भरोसे को दर्शाता है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल बोरा ने सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे वे पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में विकास और पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की बात भी कही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या सहित भाजपा के नगर एवं ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और जीत का जश्न देखने को मिला।
