रुड़की में हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 78 लाख रुपये आंकी गई है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई
हरिद्वार पुलिस द्वारा एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम मंगलौर क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक को रोका। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
“हसीन उर्फ तोता” निकला बड़ा तस्कर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसीन उर्फ तोता पुत्र सईद निवासी ग्राम लादपुर कला, थाना लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और मोटरसाइकिल के जरिए स्मैक की तस्करी कर रहा था।
तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त
कोतवाली मंगलौर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद स्मैक के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाने में लगी है।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि हरिद्वार पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
