देहरादून में भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24×7 सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
हीट वेव के खतरे को देखते हुए अस्पतालों में ORS, IV Fluids और जरूरी दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए विशेष मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और धूप से बचाव के सभी उपाय अपनाएं। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके चलते स्कूलों के समय में बदलाव के भी संकेत मिल रहे हैं, ताकि बच्चों को गर्मी से बचाया जा सके।
भीषण गर्मी को देखते हुए निर्माण कार्यों के समय में बदलाव किया गया है। अब मजदूरों से केवल सुबह और शाम के समय ही काम कराया जाएगा, ताकि लू से बचाव हो सके।
प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर पानी के टैंकर, छायादार स्थान और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा बिजली और पानी की सप्लाई को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिन देहरादून में झुलसाने वाली गर्मी लेकर आ सकते हैं। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।
