रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
इस वक्त की बड़ी खबर उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद से सामने आ रही है, जहां जसपुर नगर में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस विधायक Adesh Singh Chauhan सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर उतर आए।
“हल्की हो या भारी, पांच रुपये सवारी” के नारे के साथ इस बार विरोध का अनोखा अंदाज देखने को मिला, जहां विधायक और कार्यकर्ता घोड़ा बुग्गियों के साथ रैली निकालते नजर आए।
यह विशाल आक्रोश रैली गांधी पार्क से शुरू होकर ठाकुर मंदिर चौराहा, कोतवाली मार्ग होते हुए सुभाष चौक तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली के बाद प्रदर्शनकारियों ने जसपुर तहसील पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसीलदार दलीप सिंह नेगी को यह ज्ञापन दिया गया, जिसमें बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण न कर पाने के आरोप लगाते हुए सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई।
इस दौरान विधायक Adesh Singh Chauhan ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह एक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन है, जिसके माध्यम से सरकार को आम जनता की परेशानियों का अहसास कराना है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में किए गए वादों के विपरीत आज पेट्रोल-डीजल के दाम 100 रुपये के पार पहुंच चुके हैं। उन्होंने पूर्व सरकार के समय के दामों का जिक्र करते हुए वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला।
विधायक ने यह भी कहा कि महंगाई के कारण आम जनता की हालत ऐसी हो गई है कि बुनियादी जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जब हालात ऐसे ही रहे, तो लोग फिर से गाड़ियों को छोड़कर घोड़ा बुग्गी चलाने को मजबूर हो जाएंगे।
