संवाददाता: सागर रस्तोगी
चम्पावत में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित गैंगरेप मामले को लेकर ऋषिकेश में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कोयल घाटी में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोग ही अपराधों में शामिल पाए जाएं, तो जनता का भरोसा टूटना स्वाभाविक है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल भाषणों तक सीमित होकर रह गई है।
युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए जल्द सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों को फांसी देने की मांग उठाई।
