रुड़की: जन निर्माण पार्टी ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए रुड़की में कार्यकारिणी विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कई राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम में शामिल हुए कई नेताओं ने पार्टी के साथ मिलकर आगामी चुनाव लड़ने की इच्छा भी व्यक्त की।
कार्यक्रम में संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि जन निर्माण पार्टी प्रदेशभर में तेजी से अपनी पहचान बना रही है और लोगों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
पार्टी अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि जन निर्माण पार्टी का उद्देश्य जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देना और भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से लड़ना है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के भरोसे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।
खानपुर विधायक उमेश कुमार ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर जनता के बीच काम करना होगा।
