केदारनाथ से देहरादून की ओर जा रहे एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते टिहरी जनपद में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी दिक्कत आ गई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सकलाना पट्टी क्षेत्र के सत्यों के पास नवागांव के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल 6 यात्री सवार थे, जिनमें अनुपम चौधरी (39 वर्ष), साहिल (33 वर्ष), राज सूडी (64 वर्ष), भूमि सूडी (39 वर्ष), हिमानी पटेल (30 वर्ष) और निवका (12 वर्ष) शामिल थे। सभी यात्री दिल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर अचानक धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पायलट की समझदारी के चलते बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। बाद में सभी यात्रियों को सुरक्षित सड़क मार्ग से देहरादून के लिए रवाना कर दिया गया।
इस घटना पर क्षेत्र के पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल ने चिंता जताते हुए कहा कि हेली सेवाओं के बढ़ते संचालन के बीच तकनीकी सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि हेलीकॉप्टर सेवाओं की नियमित और सख्त तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो।
फिलहाल संबंधित एजेंसियां तकनीकी खराबी के कारणों की जांच में जुटी हैं।
