रिपोर्ट: सचिन कुमार
राजधानी देहरादून में आयोजित एक गरिमामय समारोह में कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केजीसीसीआई) के गढ़वाल चैप्टर की औपचारिक स्थापना की गई। स्थानीय होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में उद्योगपति और कारोबारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने गढ़वाल चैप्टर के नव नियुक्त अध्यक्ष मनमोहन भारद्वाज एवं उनकी 19 सदस्यीय टीम को केजीसीसीआई की सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शुरू से ही उद्योगों के प्रति सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैया अपनाती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होने के कारण देश-विदेश के बड़े उद्योगपतियों ने यहां निवेश किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक निवेश को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। साथ ही उन्होंने उद्योगों को राज्य की आर्थिक रीढ़ बताते हुए कहा कि औद्योगिक विकास से रोजगार और आर्थिक मजबूती दोनों को बढ़ावा मिलता है।
उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने कहा कि राज्य में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल माहौल होने के कारण उत्तराखंड में तेजी से औद्योगिकीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
केजीसीसीआई के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था बेहतर होने के कारण उद्योगपतियों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिल रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन अब गढ़वाल मंडल में अपने विस्तार को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगा।
वहीं, गढ़वाल चैप्टर के अध्यक्ष मनमोहन भारद्वाज ने कहा कि संगठन गढ़वाल क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने और उद्यमियों को एक मंच पर लाने का कार्य करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन राज्य सरकार के साथ मिलकर औद्योगिक विकास में सक्रिय सहयोग देगा।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से डेढ़ सौ से अधिक उद्योगपतियों ने भाग लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
