Haridwar में लगातार गंगा में डूबने की घटनाओं के बावजूद कुछ युवक अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। पवित्र गंगा घाटों पर खतरनाक स्टंट करने के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
ताजा मामला Har Ki Pauri के पास का बताया जा रहा है, जहां एक युवक ऊंचे पुल से गंगा में छलांग लगाता नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रशासन की निगरानी पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
सिर्फ हरकी पैड़ी ही नहीं, बल्कि प्रेमनगर घाट और गोविंद घाट समेत कई स्थानों पर युवक और किशोर पुलों तथा ग्रिलों से गहरे पानी में कूदकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन खतरनाक करतबों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इन जानलेवा स्टंट्स को रोकने की जिम्मेदारी किसकी है? लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद घाटों पर सुरक्षा नियमों का पालन कराने में ढिलाई नजर आ रही है।
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि घाटों पर श्रद्धालुओं और युवाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। जल पुलिस की तैनाती भी की गई है और जोखिम भरे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने या रोमांच के लिए अपनी जान खतरे में न डालें और गंगा घाटों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें।
