प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का रविवार को प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर स्थित अपने निजी आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।
रेखा आर्या ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशवासियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ऐसे विषयों को सामने लाते हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने खेल, विज्ञान, महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों और युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख कर उन्होंने नई पीढ़ी का उत्साह बढ़ाया, जबकि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानियों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा चलाया जा रहा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके साथ ही पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश भी प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।
रेखा आर्या ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री के इन संदेशों और जनकल्याणकारी संकल्पों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करें।
