रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून में हाल ही में सामने आए संवेदनशील मामलों को लेकर विरोध तेज हो गया है। भाकपा माले के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी समेत एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड पुलिस के आईजी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में हाल ही में उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में हुई घटनाओं पर चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल के खैरना में एक युवक की मौत और उस पर लगे पुलिस उत्पीड़न के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही पौड़ी जिले के सतपुली में हुई समान घटना में भी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई।
इसके अलावा टिहरी के लंबगांव में एक ईसाई महिला के घर को कथित रूप से धर्म के आधार पर जलाने की घटना पर भी पुलिस कार्रवाई न होने की शिकायत की गई। ज्ञापन में देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में एक विश्वविद्यालय छात्र की कथित पिटाई के मामले को भी उठाते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन सभी मामलों में पारदर्शी और त्वरित जांच होनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो।
