रिपोर्ट: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में स्कूलों और कॉलेजों के आसपास पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूल खुलने और बंद होने के समय नियमित रूप से मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। इसका उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित वातावरण देना और अभिभावकों में विश्वास कायम करना है।
यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे, चौकी प्रभारी आरती और सीपीयू हल्द्वानी की टीम ने स्कूलों के बाहर छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा कानूनों और पुलिस हेल्पलाइन की जानकारी दी। छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस टीम ने भरोसा दिलाया कि नैनीताल पुलिस हर समय छात्राओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है। साथ ही मनचलों को चेतावनी दी गई है कि अभद्रता करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
