रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गांव के प्रधान पति ने अपने ही सगे भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल भाई को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच काफी समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी। गुरुवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर राजेश सैनी पर गोली चला दी।
गोली लगते ही करीब 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा सके।
पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद बाजुहेड़ी गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
