रिपोर्ट: सचिन कुमार
चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए मसूरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चला रहे एक युवक को गिरफ्तार किया, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का इस्तेमाल रौब झाड़ने के लिए कर रहा था।
पुलिस वर्दी और पी-कैप देखकर हुआ शक
कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा लाइब्रेरी चौक पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान यूपी नंबर की एक वैगनआर कार आती दिखाई दी, जिसके डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप रखी थी और पीछे की सीट पर हैंगर में उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई थी।
शक होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।
नशे में मिला चालक
वाहन चालक ने अपनी पहचान विनय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। जांच में वह नशे की हालत में वाहन चलाता मिला। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे।
टोल और पार्किंग से बचने के लिए रखी थी वर्दी
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उसने स्वीकार किया कि टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क से बचने और खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा दिखाने के लिए वह अपने पिता की वर्दी और पी-कैप गाड़ी में रखता था।
वाहन सीज, युवक गिरफ्तार
मसूरी पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और नियमों के उल्लंघन के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
ब्लैक फिल्म और नो पार्किंग पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने:
- ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान काटे
- सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की
- वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए
कार्रवाई का विवरण
- कुल चालान: 98
- नो पार्किंग चालान: 67
- ब्लैक फिल्म चालान: 01
- ड्रिंक एंड ड्राइव में 01 कार सीज
- 03 दोपहिया वाहन सीज
- यातायात नियम उल्लंघन के 21 चालान
- ₹12,500 नकद संयोजन शुल्क वसूला गया
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
