रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में जामा मस्जिद के पास मामूली विवाद के बाद बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बाजार में मची अफरा-तफरी
घटना सुबह करीब 9:20 बजे भरे बाजार में हुई, जब अचानक गोलियों की आवाज से लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
विवाद के बाद की गई फायरिंग
बताया जा रहा है कि कुछ युवकों का राजमिस्त्रियों से पहले विवाद हुआ था। इसके बाद चार बाइक सवार दबंग मौके पर पहुंचे, पहले दो राजमिस्त्रियों के साथ मारपीट की और फिर फायरिंग कर दी।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
