रिपोर्टर : सचिन कुमार
उत्तराखंड में लोकायुक्त गठन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। देहरादून में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए चुनावी वादे को पूरा करने की मांग उठाई।
शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ता नेहरू कॉलोनी के फव्वारा चौक पर एकत्र हुए और वहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और लोकायुक्त गठन में हो रही देरी पर सवाल उठाए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भाजपा कार्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग कर दी, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना दिया।
RRP नेताओं का कहना है कि भाजपा ने 2017 के चुनाव में सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर लोकायुक्त गठन का वादा किया था। लेकिन करीब नौ साल बाद भी यह वादा अधूरा पड़ा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को प्रतीकात्मक रूप से ‘बादाम’ का गिफ्ट हैंपर भेजा। पार्टी का कहना था कि इससे शायद सरकार को जनता से किए गए वादे याद आ जाएं।
RRP के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए मजबूत लोकायुक्त व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द कदम नहीं उठाती, तो पार्टी पूरे उत्तराखंड में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
लोकायुक्त को लेकर बढ़ती राजनीतिक बयानबाजी के बीच यह मुद्दा अब प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ता नजर आ रहा है।
