रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
ऊधम सिंह नगर जिले की जसपुर विधानसभा से एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। जसपुर क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर स्थित प्राचीन काली कमली मां शेरावाली मंदिर में दूसरी बार चोरी होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र में रखी नगदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक कल्याणपुर-मेघावाला रोड पर खेतों के बीच स्थित इस प्राचीन मंदिर में सुबह उस समय चोरी का खुलासा हुआ जब ग्रामीण माता के दर्शन करने पहुंचे। ग्रामीणों ने देखा कि मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ नीचे पड़ा था और गेट का कुंडा भी क्षतिग्रस्त था। इसके बाद तुरंत मंदिर कमेटी को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी अध्यक्ष मलकीत सिंह मौके पर पहुंचे और मंदिर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मंदिर के अंदर रखा दानपात्र टूटा मिला और वहां रखे वस्त्र भी बिखरे हुए थे। हालांकि मंदिर में स्थापित मां शेरावाली और शिव परिवार की मूर्तियां सुरक्षित मिलीं।
मंदिर कमेटी अध्यक्ष मलकीत सिंह ने बताया कि इस मंदिर में यह दूसरी चोरी की घटना है। इससे पहले भी चोर मंदिर का कलश चोरी कर ले गए थे। इस बार चोर दानपात्र में रखी श्रद्धालुओं की चढ़ावे की नगदी लेकर फरार हो गए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
ग्रामीण प्रेम सिंह सहोता ने बताया कि यह मंदिर करीब 30 साल पुराना है और इसकी स्थापना बाबा प्रताप काली कमली वाले नामक संत द्वारा की गई थी। करीब तीन बीघा भूमि में फैले इस मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मन्नतें लेकर आते हैं। यहां हर वर्ष बड़े भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। किसानों की मोटर चोरी, स्कूलों में चोरी और अब मंदिर में दूसरी बार चोरी होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं और अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।
