रिपोर्ट — ललित जोशी
हादसे में एक पर्यटक की मौत
उत्तराखंड के नैनीताल में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भवाली मार्ग पर पाइन क्षेत्र के पास एक पर्यटक वाहन खाई में गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
200 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान से आए पर्यटकों का वाहन (थार) भवाली से नैनीताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पाइन क्षेत्र के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के पैराफिट को तोड़ते हुए लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घायल दोनों पर्यटकों को राजकीय बी डी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
