रामनगर
रामनगर में आयोजित साझा भूदृश्य संरक्षण बैठक में पाँच राज्यों के वन विभागों ने एक मंच पर आकर वन्यजीव सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों पर चर्चा की।
WWF के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में NTCA और भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञों की भी भागीदारी रही।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता और वैज्ञानिक उपायों को अपनाना होगा।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न सुझाव साझा किए, जिनमें सुरक्षित कॉरिडोर विकसित करना, निगरानी बढ़ाना और प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र स्थापित करना शामिल है।
