रिपोर्टर: ललित जोशी
नैनीताल से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। पांच दिनों से लापता युवक दीपक उपाध्याय का शव भवाली मार्ग पर ‘टूटे पहाड़’ के पास गहरी खाई में बरामद हुआ है। दीपक, जो जनपद अल्मोड़ा का निवासी था, 22 अप्रैल से रहस्यमय तरीके से लापता था।
युवक की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल विभाग और डॉग स्क्वाड लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि टूटे पहाड़ के पास खाई से तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने खाई में उतरकर जांच की, जहां युवक का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
